बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस 26 मई को हरियाणा के पंचकूला जाएंगे। बाबा पंचकूला में श्री हनुमंत कथा करेंगे। पंचकुला के सेक्टर 5 के दशहरा मैदान में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा की तैयारियां जोरो से चल रही हैं। 4 दिन तक होने वाली इस कथा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसी के चलते 28 हजार लोगों की क्षमता वाला विशाल पंडाल हनुमंत कथा के लिए तैयार किया जा रहा है।
हनुमंत कथा के लिए विशाल पंडाल
श्री हनुमंत कथा के लिए पंचकुला के दशहरा मैदान में 210 फीट चौड़ा और 700 फीट लंबा पंडाल लगाने का काम चल रहा है। मुख्य मंच, जहां पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विराजमान होंगे, वह 120 फीट चौड़ा और 180 फीट लंबा होगा। कार्यक्रम की शुरुआत 25 मई को एक भव्य कलश यात्रा से होगी। बताया जा रहा है कि इस यात्रा में 2100 महिलाएं भाग लेंगी।
कथा के लिए विशेष सुरक्षा का इंतजाम
यह यात्रा पंचकुला सेक्टर-5 के शिव मंदिर से प्रारंभ होकर, सेक्टर-9 और 10 होते हुए कथा स्थल तक जाएगी। आयोजक मंडल के सदस्य मुकेश सिंगला और संदीप के अनुसार, कथा के दौरान दो दिवसीय भव्य दरबार का भी आयोजन किया जाएगा। यह पहला अवसर है जब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंचकूला में कथा का करेंगे, इसलिए शहर के निवासी इस कथा के लिए काफी उत्साहित हैं।
ट्राईसिटी के निवासियों में इस कथा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। कथा 26 से 30 मई तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी। इस दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।